महराजगंज में बाइक की टक्कर से साइकिल सवार की मौत: चालक मौके से फरार, पुलिस जांच में जुटी – Sonauli(Nautanwa) News

4
Advertisement

सोनौली में शनिवार शाम एक सड़क हादसे में साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना शाम करीब 6:15 बजे गजरजोत स्थित काली मंदिर के पास हुई, जब एक तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी। मृतक की पहचान 45 वर्षीय इंद्रजीत यादव, पुत्र रामनयन यादव, निवासी वार्ड नंबर 1, सोनौली के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, इंद्रजीत यादव शाम के समय घर से दूध सप्लाई करने निकले थे। सड़क पार करते समय पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि इंद्रजीत यादव ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के तुरंत बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए महराजगंज भेज दिया है। कुछ स्थानीय लोगों के अनुसार, बाइक चालक के नेपाल भागने की भी चर्चा है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश जारी है।
Advertisement