बैंक से 30 हजार लूटने वाला बदमाश गिरफ्तार:बलरामपुर पुलिस ने झपटमारी का खुलासा किया, 4 हजार रुपए नकद बरामद

4
Advertisement

बलरामपुर पुलिस ने बैंक से ₹30,000 की झपटमारी के मामले का खुलासा करते हुए एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार बदमाश के पास से लूटी गई धनराशि में से ₹4,000 नकद बरामद किए हैं। यह घटना सादुल्लानगर थाना क्षेत्र में हुई थी। वादी कल्लू पुत्र जानकी प्रसाद, निवासी अचलपुर धाट, थाना सादुल्लानगर, ने 6 जून 2025 को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि इंडियन बैंक शाखा रामपुर अरना बाजार से ₹30,000 निकालकर साइकिल से घर लौटते समय दो अज्ञात बदमाशों ने उनके झोले से नकदी छीन ली थी। इस संबंध में थाना सादुल्लानगर में मुकदमा संख्या 57/25 धारा 304(2)बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विकास कुमार के निर्देश पर थानाध्यक्ष सत्येन्द्र वर्मा के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया। इस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए मामले का सफल अनावरण किया। पुलिस टीम ने इस मामले में प्रकाश में आए अभियुक्त मंगल उर्फ तुफानी पुत्र रामनिहाल, निवासी ग्राम लबदहा, थाना हर्रैया, जनपद बस्ती को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से झपटमारी की घटना से संबंधित ₹4,000 नकद बरामद किए गए। इस मामले में उसका सह-अभियुक्त प्रीतम कुमार गौतम पुत्र ओमप्रकाश, निवासी ग्राम चेरुईया, थाना कप्तानगंज, जनपद बस्ती, पहले ही गिरफ्तार होकर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जा चुका है। पूछताछ के दौरान अभियुक्त मंगल उर्फ तुफानी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथी के साथ मिलकर बैंक से रुपये निकालकर आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखता था। मौका पाकर उन्होंने साइकिल के हैंडल पर टंगी काली पन्नी में रखी नकदी झपट्टा मारकर छीन ली थी। अभियुक्त ने बताया कि उसके हिस्से की अधिकांश रकम खर्च हो चुकी थी। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त मंगल उर्फ तुफानी एक शातिर अपराधी है। उसके विरुद्ध विभिन्न जनपदों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित तीन दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। इस गिरफ्तारी को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक महेन्द्र यादव, हेड कांस्टेबल पवन यादव और कांस्टेबल अमित कुमार शामिल रहे।
Advertisement