बस्ती में 4 स्पा सेंटरों पर छापेमारी:देह व्यापार में संलिप्त 14 युवतियां रेस्क्यू, ऑपरेशन रक्षा के तहत पुलिस ने चलाया अभियान

31
Advertisement

बस्ती में स्पा सेंटरों की आड़ में अनैतिक गतिविधियों की शिकायतों के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ‘ऑपरेशन रक्षा’ के तहत शहर के चार स्पा सेंटरों पर छापा मारा गया। इस संयुक्त कार्रवाई में चार संचालकों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस को अखबारों, सोशल मीडिया और मुखबिरों से लगातार सूचनाएं मिल रही थीं कि कुछ स्पा सेंटरों में नियमों का उल्लंघन कर देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। इन सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए, अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। गठित टीम ने मालवीय रोड स्थित ब्लू हेवेन स्पा, रोडवेज चौराहे पर रुद्रा स्पा, बड़ेवन क्षेत्र में मिलाया स्पा और हड़िया चौराहे पर संचालित रुद्रा स्पा पर एक साथ छापेमारी की। जांच में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर चारों स्पा सेंटर संचालकों को हिरासत में लेकर निरोधात्मक कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 14 महिलाओं को रेस्क्यू किया। पूछताछ में महिलाओं ने बताया कि वे अलग-अलग जिलों की निवासी हैं। पुलिस ने उन्हें सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाया। पुलिस टीम ने चारों स्पा सेंटरों से संबंधित अभिलेख, लाइसेंस, रजिस्टर, सीसीटीवी कैमरे और मोबाइल फोन जब्त कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दस्तावेजों की जांच के बाद यदि कोई कमी या अवैधता पाई जाती है, तो संबंधित संचालकों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement