सिंदुरिया में छुट्टा पशुओं का आतंक: किसान रबी फसलों को लेकर परेशान, गौसदन खाली पड़े – Mohanpur(Nichlaul) News

3
Advertisement

सिंदुरिया क्षेत्र में इन दिनों छुट्टा पशुओं की समस्या गंभीर बनी हुई है। गांवों और खेतों में खुलेआम घूम रहे गौवंश किसानों की खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। इससे किसान अपनी रबी फसलों जैसे गेहूं, सरसों और मटर को लेकर चिंतित हैं। सरकार ने हर क्षेत्र में गौसदन (कान्हा/गौ आश्रय स्थल) का निर्माण कराया है, जिसका उद्देश्य छुट्टा पशुओं को सुरक्षित रखना और किसानों को राहत प्रदान करना है। हालांकि, जमीनी हकीकत अलग है। किसानों का आरोप है कि संबंधित कर्मचारियों की लापरवाही के कारण गौसदन खाली पड़े हैं और पशु सड़कों व खेतों में घूम रहे हैं। कई गौसदनों में पर्याप्त चारा और उचित देखरेख की व्यवस्था का अभाव है। किसान रामसिंह भारती, ढ़ोढ़ई भारती और रामआसरे सहित अन्य किसानों ने बताया कि उन्हें रात-रात भर खेतों की रखवाली करनी पड़ रही है। इसके बावजूद छुट्टा पशु फसलों को नुकसान पहुंचा देते हैं। इस स्थिति से किसानों को आर्थिक क्षति हो रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गौसदनों की नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने और छुट्टा पशुओं को तत्काल गौसदनों में संरक्षित करने की अपील की है, ताकि किसानों को इस समस्या से राहत मिल सके।
Advertisement