बीरगंज बाजार की सड़कें बदहाल:हल्की बूंदाबांदी में ही जनजीवन होता है अस्त-व्यस्त

4
Advertisement

श्रावस्ती जनपद के जमुनहा ब्लॉक मुख्यालय के सामने स्थित बीरगंज बाजार की सड़कें इन दिनों बदहाली का शिकार हैं। हल्की बूंदाबांदी में ही पूरे क्षेत्र का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो जाता है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जब सड़कें कीचड़, गड्ढों और जलभराव से भर जाती हैं। स्थानीय निवासियों के अनुसार, सड़कों की जर्जर हालत के कारण आसपास के कई गांवों का संपर्क बाधित हो जाता है। बच्चों को स्कूल पहुंचने में कठिनाई होती है, वहीं बीमार मरीजों को अस्पताल ले जाना भी जोखिम भरा हो जाता है। कई बार एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहन कीचड़ में फंस जाते हैं, जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ जाती हैं। बीरगंज बाजार क्षेत्र में प्रतिदिन बड़ी संख्या में दुकानदार, ग्राहक और राहगीर आवागमन करते हैं, जिन्हें फिसलन भरी सड़कों पर जान जोखिम में डालकर चलना पड़ता है। हैरानी की बात यह है कि इसी मार्ग से कुछ ही दूरी पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, थाना, तहसील और ब्लॉक कार्यालय जैसे महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालय स्थित हैं। जिले के अधिकारी नियमित रूप से इस मार्ग से गुजरते हैं, इसके बावजूद सड़क की बदहाली पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। स्थानीय नागरिकों हीरा लाल, सुरेश कुमार, सोनू गुप्ता, राम गोपाल, नन्द कुमार, विनय गुप्ता, संतोष कुमार उर्फ गुड्डू गुप्ता और पप्पू, रबी गुप्ता सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बीरगंज बाजार समेत जमुनहा ब्लॉक क्षेत्र की जर्जर सड़कों का शीघ्र स्थायी समाधान किया जाए, ताकि बरसात के मौसम में लोगों को इस गंभीर समस्या से राहत मिल सके।

Advertisement