श्रावस्ती जिले के हरदत नगर गिरंट स्थित मोहन लाल पुरवा गांव में मुख्य रास्ते पर भारी मात्रा में कीचड़ जमा हो गया है। बारिश के दौरान यह समस्या और गंभीर हो जाती है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव से बाहर निकलने का रास्ता साफ न होने के कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को विशेष रूप से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कीचड़ भरे रास्ते से स्कूल जाने वाले बच्चों के फिसलने का खतरा बना रहता है, जबकि बुजुर्गों के लिए चलना मुश्किल हो गया है। कई ग्रामीण इस रास्ते पर गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। ग्रामीण जानकी प्रसाद, पवन कुमार, अरविंद कुमार, रंगी लाल और राकेश ने बताया कि गांव का यह रास्ता लंबे समय से कीचड़ से भरा हुआ है। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायतें करने के बावजूद न तो रास्ते की सफाई कराई गई और न ही उसकी मरम्मत की गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द रास्ते को दुरुस्त कराने, नाली की व्यवस्था करने और मिट्टी भराव का कार्य कराने की मांग की है, ताकि उनकी दैनिक समस्याओं का समाधान हो सके।






































