गोरखपुर ने देवरिया को 4 विकेट से हराया:सिद्धार्थनगर में गौतम बुद्ध प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में किया प्रवेश

7
Advertisement

सिद्धार्थनगर क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित गौतम बुद्ध ऑल इंडिया क्रिकेट प्रतियोगिता सीजन 4 में गोरखपुर ने देवरिया को चार विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। यह मुकाबला गोरखपुर और देवरिया के बीच खेला गया। मैच में गोरखपुर के कप्तान नीरज यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए देवरिया ने निर्धारित 16 ओवर में 6 विकेट खोकर 135 रन बनाए। देवरिया की ओर से आशीष यादव ने सर्वाधिक 64 रन, विवेक सिंह ने 24 और शाकिर अली ने 18 रनों का योगदान दिया। गोरखपुर के लिए अनुराग और शिवम ने दो-दो विकेट लिए, जबकि आदित्य और संदीप को एक-एक सफलता मिली। 136 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए गोरखपुर की टीम ने 15.4 ओवर में 6 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। गोरखपुर की तरफ से अंकुर ने 30 रन, आर्यन सिंह ने 22 रन और आनंद दुबे ने नाबाद 24 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। देवरिया के गेंदबाजों में आकाश और सुजल ने दो-दो विकेट लिए, वहीं विवेक और शाकिर अली को एक-एक विकेट मिला। इस मैच में गोरखपुर के अनुराग यादव को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। मैच के मुख्य अतिथि डॉक्टर नसीम रहे।
Advertisement