थाईलैंड की महारानी का सोनौली में स्वागत: बुद्ध विहार 960 में बौद्ध परंपराओं के अनुसार अभिनंदन – Maharajganj News

8
Advertisement

थाईलैंड की महारानी चखुन सिनीनात वांगवजीरापकडी का महराजगंज के सोनौली स्थित थाई बुद्ध विहार 960 में स्वागत किया गया। महारानी गुरुवार को नेपाल के लुंबिनी के लिए सोनौली अंतरराष्ट्रीय सीमा के रास्ते प्रस्थान कर रही थीं, इस दौरान उन्होंने बुद्ध विहार में कुछ समय बिताया। बौद्ध परंपराओं के अनुरूप उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया गया। देवदह रामग्राम बौद्ध विकास समिति के अध्यक्ष जितेंद्र राव, थाई बुद्ध विहार के प्रमुख फ्रा रंगसीत भंते और पिंटू शुक्ल के नेतृत्व में बौद्ध उपासकों ने परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ महारानी का स्वागत किया। थाई बुद्ध विहार 960, सोनौली के प्रवक्ता फ्रा बोधिविदेसवजराथाडा (फ्रा रंगसीत सोंगस्) ने बताया कि 29 जनवरी को महारानी के आगमन को लेकर एक विशेष कार्यक्रम प्रस्तावित था। इस अवसर पर थाई बुद्ध की प्रतिमा को सजाया गया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि महारानी का यह कार्यक्रम निजी प्रकृति का था, इसलिए सुरक्षा कारणों से कार्यक्रम के दौरान किसी भी बाहरी व्यक्ति को परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। इस अवसर पर एडसीएम नौतनवा नवीन कुमार, भंते फ्रा रंगसीत, जितेंद्र राव, पिंटू शुक्ल, प्रताप नारायण गौतम, आलोक जोशी और अभिषेक तिवारी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Advertisement