सिद्धार्थनगर महोत्सव में करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन:अधिकारियों और विशेषज्ञों ने युवाओं को दिखाया उज्ज्वल भविष्य का मार्ग

7
Advertisement

सिद्धार्थनगर महोत्सव 2026 के दूसरे दिन युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को दिशा देने के उद्देश्य से एक भव्य करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन., पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन, मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आयुष अग्रवाल और सांसद प्रतिनिधि एस.पी. अग्रवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर मां सरस्वती और महात्मा बुद्ध की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। राजकीय इंटर कॉलेज तेतरी बाजार की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना ने कार्यक्रम के माहौल को प्रेरणादायी बना दिया। पहले देखिए तस्वीरें… कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने कहा कि अधिकांश छात्रों को आईएएस, पीसीएस, एसएससी, नीट और इंजीनियरिंग जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की समुचित जानकारी नहीं होती, जिसके कारण वे सही करियर का चुनाव नहीं कर पाते। उन्होंने कहा कि यह करियर काउंसलिंग कार्यक्रम छात्रों को सही दिशा देने का कार्य करेगा। डीएम ने छात्रों को लक्ष्य स्पष्ट रखने, ईमानदारी से मेहनत करने, अनुशासन और संस्कारों के साथ अध्ययन करने की सलाह दी। साथ ही योग और सामाजिक मूल्यों को अपनाने पर भी जोर दिया। पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने छात्रों को वर्तमान पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी। उन्होंने मोबाइल और सोशल मीडिया के सीमित उपयोग, पढ़ाई करने वाले मित्रों की संगति और सुबह बिना अलार्म के उठने की आदत डालने पर जोर दिया। उन्होंने एनसीईआरटी की पुस्तकों के अध्ययन और स्नातक में पढ़े जा रहे विषय से संबंधित प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने की बात कही। मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने कहा कि छात्र अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार आईएएस, पीसीएस, डॉक्टर, इंजीनियर या उद्यमी जैसे किसी भी क्षेत्र का चयन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए लक्ष्य का स्पष्ट होना और कड़ी मेहनत करना बेहद जरूरी है। कार्यक्रम के विभिन्न सत्रों में विशेषज्ञों ने छात्रों का मार्गदर्शन किया। पहले सत्र में ध्येय आईएएस की वर्षा सिंह और उनकी टीम ने सिविल सर्विसेज की तैयारी की जानकारी दी। दूसरे सत्र में डॉ. संजय पाण्डेय ने मेडिकल (नीट) में करियर से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए। जनपद के अजय राज पटेल, जिन्होंने नीट में 364वीं रैंक प्राप्त कर एम्स भोपाल में स्थान हासिल किया है, उन्होंने भी अपने अनुभव छात्रों से साझा किए। इसके अलावा तीसरे सत्र में एलेन टीम के आनंद श्रीवास्तव ने जेईई इंजीनियरिंग, चौथे सत्र में संदीप शर्मा ने एसएससी परीक्षाओं और पांचवें सत्र में आशुतोष पाण्डेय ने उद्यमिता एवं व्यवसाय के अवसरों पर मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और अन्य अधिकारियों ने अतिथियों व काउंसलिंग टीम को स्मृति चिन्ह और काला नमक चावल बॉक्स भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, प्रधानाचार्य, छात्र-छात्राएं और एनसीसी कैडेट्स सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने सभी विद्यार्थियों को लक्ष्य प्राप्ति और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
Advertisement