तेंदुए के हमले में मासूम बच्ची की मौत: बहराइच में घर से 50 मीटर दूर मिला शव, वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची – Sujauli(Motipur) News

3
Advertisement

बहराइच जिले के कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के निशानगाड़ा रेंज स्थित रमपुरवा ग्राम पंचायत के मुखिया फार्म गांव में एक तेंदुए ने लगभग 6 साल की बच्ची पर हमला कर उसे मार डाला। यह घटना गुरुवार शाम को हुई। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी मनोज की लगभग 6 वर्षीय बेटी अनुष्का गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे अपने घर के आंगन में खेल रही थी। तभी गन्ने के खेत से निकलकर आए एक तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। तेंदुआ बच्ची को मुंह में दबाकर भागने लगा। परिजनों ने शोर मचाया और उसके पीछे दौड़े। इस पर तेंदुआ बच्ची को घर से लगभग 50 मीटर दूर छोड़कर नहर की झाड़ियों में छिप गया। जब परिजनों ने बच्ची को उठाया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इस दुखद घटना से परिवार में मातम छा गया। आसपास और गांव के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस और वन विभाग को घटना की सूचना दी है।
Advertisement