हिंदुत्व जीवन पद्धति है, मात्र धर्म नहीं:बलरामपुर में भव्य हिंदू सम्मेलन में गूंजा संदेश

5
Advertisement

बलरामपुर के श्रीदत्तगंज ब्लॉक स्थित आर.जे. मैरिज लॉन में एक हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से सैकड़ों कार्यकर्ता, ग्रामीण और प्रबुद्ध नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता पूजन के साथ हुई। सम्मेलन की अध्यक्षता चौधरी ललिता प्रसाद महाविद्यालय के प्रबंधक नवल प्रकाश ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सांस्कृतिक जागरण, सामाजिक एकता और राष्ट्रप्रेम को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी अतिथियों और उपस्थित जनसमूह का स्वागत किया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र धर्म जागरण प्रमुख अभय कार्यक्रम के मुख्य वक्ता थे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि हिंदुत्व केवल पूजा-पद्धति नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक समग्र और वैज्ञानिक शैली है। उन्होंने सनातन संस्कृति को विश्व की प्राचीनतम सभ्यता बताते हुए उसके मूल सिद्धांतों और सामाजिक महत्व पर विस्तार से चर्चा की। मुख्य वक्ता अभय ने गुरु गोविंद सिंह के बलिदान को याद करते हुए युवाओं से उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने स्वावलंबन, आत्मनिर्भरता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण और संघ द्वारा प्रस्तावित पंच परिवर्तन जैसे विषयों पर भी विचार रखे। सम्मेलन में सामाजिक समरसता, पारिवारिक मूल्यों, नैतिक शिक्षा और राष्ट्र निर्माण में समाज की भूमिका पर भी व्यापक चर्चा हुई। वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि एक संगठित और जागरूक समाज ही सशक्त राष्ट्र की नींव रखता है। इस अवसर पर जिला संघचालक अभिमन्यु, जिला प्रचारक जितेंद्र कुमार, सदर विधायक पलटू राम, ब्लॉक प्रमुख हेमंत जायसवाल, जिला कार्यवाह किरीट मणि, विभाग प्रचारक प्रमुख मनीष कुमार, जिला प्रचार प्रमुख मोहनीश, खंड संघचालक हरिभान और अंजनी मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
यहां भी पढ़े:  सरायखास कुश्ती चैम्पियनशिप अयोध्या के पहलवान ने जीती:आयोजन में देश भर से पहलवानों ने हिस्सा लिया, क्षेत्रीय खेल प्रेमी और ग्रामीण मौजूद रहे
Advertisement