गंगवल में निःशुल्क मेडिकल कैंप:122 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाएं दी गईं

3
Advertisement

सिद्धार्थनगर के खुनियाव क्षेत्र के ग्राम गंगवल में गुरुवार को मैक्स चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा एक निःशुल्क मेडिकल हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। इस शिविर में कुल 122 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और उन्हें आवश्यक परामर्श के साथ निःशुल्क दवाएं भी प्रदान की गईं। स्वास्थ्य शिविर में सामान्य रोगों की जांच के अतिरिक्त ब्लड प्रेशर, शुगर और ईसीजी जांच की सुविधा भी उपलब्ध थी। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने इस सुविधा का लाभ उठाया। जांच के दौरान अधिकांश मरीज सर्दी-खांसी, बुखार, उच्च रक्तचाप, शुगर, पेट संबंधी रोगों, जोड़ों व कमर दर्द तथा महिलाओं से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित पाए गए। शिविर में मौजूद जनरल सर्जन डॉ. एस. एन. सोनकर ने ग्रामीणों को स्वच्छता के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नियमित साफ-सफाई और स्वच्छ वातावरण अपनाकर कई गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है। स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. रूखसाना खान ने महिलाओं को गर्भावस्था देखभाल, महिला रोगों और स्वास्थ्य जागरूकता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। वहीं, फिजीशियन एवं सर्जन डॉ. अफरोज खान ने जीवनशैली में सुधार, समय-समय पर स्वास्थ्य जांच और समय पर उपचार को आवश्यक बताया। इस अवसर पर ईसीजी टेक्नीशियन शीला चौधरी, फार्मासिस्ट अजीत यादव, सहायक रामप्रकाश गौतम, समद चौधरी तथा कैंप प्रभारी जुनैद अहमद सहित अन्य सहयोगी उपस्थित रहे। मैक्स चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. अफरोज खान ने बताया कि संस्था का उद्देश्य ग्रामीण एवं जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर लगातार आयोजित किए जाएंगे।
यहां भी पढ़े:  बदलते मौसम में नवजातों की सेहत पर खतरा:बस्ती में डॉ. ने दी सावधानी बरतने की सलाह, बोले- समय पर टीकाकरण जरूरी
Advertisement