ग्रामीण के खेत में मिला गोवंश शव: नानपारा कोतवाली में मामला दर्ज, जांच शुरू – Balha(Bahraich) News

4
Advertisement

नानपारा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत सरैया के अनवर नगर में गुरुवार को एक ग्रामीण के खेत से गोवंश का शव बरामद हुआ है। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। बंजारिया निवासी मोइनुद्दीन के खेत में बोरी के भीतर छिपाया गया गोवंश का सिर (शव) ग्रामीणों ने देखा था। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। यह घटना नानपारा कोतवाली क्षेत्र में गोवंश के शव मिलने की दूसरी घटना है। कुछ दिन पहले केशवापुर गांव में भी बोरी में बंद गोवंश का शव मिला था। केशवापुर और सरैया गांव एक ही मार्ग पर लगभग तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थित हैं। इस मामले में बजरंग दल के विभाग संयोजक दीपांशु श्रीवास्तव ने बताया कि ऐसी घटनाओं से बजरंग दल और ग्रामीणों में आक्रोश है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ शीघ्र कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो बजरंग दल सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेगा। कार्यवाहक सीओ प्रद्युमन सिंह ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Advertisement