तुलसीपुर देहात में अन्नपूर्णा भवन का लोकार्पण:सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ युवाओं को मतदान के लिए जागरूक

5
Advertisement

तुलसीपुर विकासखंड के गनवरिया तुलसीपुर देहात में नवनिर्मित अन्नपूर्णा भवन का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए और ‘माय इंडिया माय वोट’ अभियान के तहत युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक भी किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला और ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि प्रवीण सिंह विक्की ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। विधायक शुक्ला ने कहा कि अन्नपूर्णा भवन से गांव के जरूरतमंदों को लाभ मिलेगा और यह सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में सहायक होगा। उन्होंने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। समारोह में कंपोजिट विद्यालय तुलसीपुर देहात के छात्रों ने देशभक्ति और सामाजिक विषयों पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों को उपस्थित लोगों ने सराहा। इसी दौरान ‘माय इंडिया माय वोट’ कार्यक्रम के तहत 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को मतदाता बनने की प्रक्रिया के बारे में जागरूक किया गया। बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) अनवारूल ने युवाओं को वोटर पोर्टल पर पंजीकरण की जानकारी दी और लोकतंत्र में मतदान के महत्व को समझाया। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि प्रवीण सिंह विक्की ने अपने संबोधन में कहा कि युवा वर्ग लोकतंत्र की रीढ़ हैं और सभी पात्र युवाओं को अनिवार्य रूप से मतदाता बनना चाहिए। उन्होंने जागरूक युवाओं को मजबूत राष्ट्र के निर्माण के लिए महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम की अगुवाई ग्राम प्रधान नसीम खान बब्बू ने की, जिन्होंने अतिथियों का स्वागत किया और ग्राम पंचायत की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने अन्नपूर्णा भवन को ग्राम पंचायत के विकास में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। इस अवसर पर विकासखंड अधिकारी सुनील कुमार आर्य, ग्राम पंचायत अधिकारी, स्थानीय रोजगार सेवक सहित अन्य पंचायत विभाग के कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
Advertisement