महराजगंज में नशीली दवाओं की खेप के साथ हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार: पुलिस-एसएसबी ने भारत-नेपाल सीमा पर की कार्रवाई – Maharajganj News

11
Advertisement

महाराजगंज में पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम ने भारत–नेपाल सीमा के पास बड़ी कामयाबी हासिल की है। कोल्हुई थाना क्षेत्र के बटईडीहा गांव में सीमा स्तंभ संख्या 443/04 के पास कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित नशीली दवाओं और इंजेक्शन की भारी खेप के साथ एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर अपराधी को गिरफ्तार किया गया है। संयुक्त टीम सीमा क्षेत्र में नियमित गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर उसे रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाएं और इंजेक्शन बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी की पहचान एक शातिर हिस्ट्रीशीटर के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ सोनौली, नौतनवा और कोल्हुई थानों में गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी लंबे समय से सीमावर्ती इलाकों के जरिए नशीली दवाओं की तस्करी में सक्रिय था और नेपाल सीमा का फायदा उठाकर इनकी आपूर्ति करता था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि उसके नेटवर्क, सप्लायर और अन्य सहयोगियों का पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से नशीली दवाओं की तस्करी करने वाले गिरोह को बड़ा झटका लगा है। आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी हो सकती है। पुलिस और एसएसबी की इस संयुक्त कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
Advertisement