Advertisement
बलरामपुर के गैसड़ी विकास खंड स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय जहाँदरिया में परीक्षा के दौरान एक कोबरा सांप निकलने से अफरा-तफरी मच गई। सांप को देखते ही परीक्षा दे रहे बच्चों में दहशत फैल गई और वे चीखने-चिल्लाने लगे। शिक्षकों ने तुरंत स्थिति को संभाला और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालकर परीक्षा कक्ष खाली कराया। घटना की सूचना मिलते ही प्रधानाध्यापक आशीष कुमार ने तत्काल वन विभाग को सूचित किया और सांप को पकड़ने का अनुरोध किया। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन कर्मचारियों ने सांप को पकड़ने से इनकार कर दिया। इससे विद्यालय परिसर में कुछ समय के लिए असमंजस और भय का माहौल बना रहा, और ग्रामीणों की भीड़ भी जमा हो गई। इसके बाद एक स्थानीय व्यक्ति ने साहस दिखाते हुए कोबरा सांप को पकड़ा और उसे पास के जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया। इस घटना के कारण कुछ समय के लिए परीक्षा भी बाधित रही। विद्यालय प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए सतर्कता बढ़ाने की बात कही है।








































