पनियरा में ‘स्पर्श’ कुष्ठ जागरूकता अभियान शुरू: जिलाधिकारी का संदेश पढ़ा गया, कुष्ठ रोगियों को कंबल वितरित – Paniyara(Maharajganj) News

4
Advertisement

महराजगंज के पनियरा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में शुक्रवार को ‘राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम’ और ‘स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान-2026’ का शुभारंभ किया गया। इस अभियान का उद्देश्य जनपद को कुष्ठ रोग से मुक्त करना और समाज में जागरूकता फैलाना है। यह विशेष अभियान 30 जनवरी से 13 फरवरी तक चलेगा। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अधिदेव के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी का संदेश पढ़ा गया। संदेश के माध्यम से ‘विकसित भारत अभियान’ के तहत जनपद को कुष्ठ मुक्त बनाने का संकल्प लिया गया। इस दौरान मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों और ग्रामीणों को कुष्ठ रोगियों के प्रति भेदभाव न करने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की शपथ दिलाई गई। जागरूकता कार्यक्रम के समापन पर स्वास्थ्य केंद्र की ओर से कुष्ठ रोग से पीड़ित मरीजों को कंबल वितरित किए गए। डॉ. अधिदेव और अन्य चिकित्सकों ने यह वितरण किया। चिकित्सकों ने बताया कि कुष्ठ रोग का उपचार संभव है और सही समय पर पहचान होने से इसे पूरी तरह ठीक किया जा सकता है। इस अवसर पर डॉ. सत्येंद्र कुमार, डॉ. हसन अंसारी एनएमए अवधेश सिंह,नियमतुल्लाह खान,बीसीपीएम धर्मेंद्र कुमार सिंह और वार्ड बॉय सोनू खान सहित बड़ी संख्या में एएनएम और अन्य स्वास्थ्य कर्मी और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि कुष्ठ रोग को पहचानना आसान है। यदि शरीर के किसी हिस्से पर दाग-धब्बे हों और वहां संवेदना कम हो, तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच करानी चाहिए। कुष्ठ रोग का इलाज पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध है।
Advertisement