भीम आर्मी ने यूजीसी बिल के समर्थन में प्रदर्शन किया:राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा, UGC लागू करने की मांग

7
Advertisement

श्रावस्ती में भीम आर्मी जय भीम ने शुक्रवार को यूजीसी बिल 2026 के समर्थन में प्रदर्शन किया। तहसील जमुनहा परिसर में हुए इस शांतिपूर्ण प्रदर्शन का नेतृत्व भीम आर्मी के जिला प्रभारी शैलेन्द्र कुमार ने किया। प्रदर्शनकारियों ने नायब तहसीलदार जमुनहा के माध्यम से राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें यूजीसी बिल को पूर्ण रूप से लागू करने की मांग की गई। ज्ञापन में मुख्य रूप से देशभर में यूजीसी बिल 2026 को प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग की गई है। इसके अतिरिक्त, एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के साथ हो रहे जातिगत भेदभाव को समाप्त करने, जाति-पात की व्यवस्था खत्म कर सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने तथा सभी वर्गों को समान शिक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने की अपील की गई। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने सवाल उठाया कि एससी, एसटी और ओबीसी समाज के हित में बने कानूनों का हमेशा एक वर्ग विशेष द्वारा ही विरोध क्यों किया जाता है। वक्ताओं ने यूजीसी बिल 2026 को लेकर सामने आ रहे विरोध को चिंताजनक बताया। कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि शिक्षण संस्थानों में जातिगत भेदभाव की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। आरोप लगाया की उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में जातीय भेदभाव से जुड़े अपराधों में लगभग 118 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। इस स्थिति के कारण पूर्व मे कई होनहार छात्र-छात्राओं को आत्महत्या जैसा गंभीर कदम उठाना पड़ा है। भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने कहा कि ईडब्ल्यूएस आरक्षण का विरोध एससी, एसटी और ओबीसी समाज ने नहीं किया था, जबकि यूजीसी बिल जैसे शिक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषय पर अनावश्यक विरोध किया जा रहा है। उन्होंने सरकार से अपील की कि सामाजिक न्याय, समानता और संविधान की भावना के अनुरूप यूजीसी बिल 2026 को जल्द से जल्द लागू किया जाए।

Advertisement