सिद्धार्थनगर के कपिलवस्तु महोत्सव में चहेतों को एंट्री:गोविंदा का रात 9 बजे शुरू हुआ कार्यक्रम, वीआईपी पास बेअसर

3
Advertisement

सिद्धार्थनगर में आयोजित कपिलवस्तु महोत्सव के तीसरे दिन शुक्रवार रात बॉलीवुड सुपरस्टार गोविंदा के कार्यक्रम में भारी अव्यवस्था देखने को मिला। रात 9 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में वीआईपी पास होने के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों को प्रवेश नहीं मिला। आरोप है कि प्रवेश व्यवस्था केवल प्रशासनिक अधिकारियों और नेताओं के चहेते लोगों तक सीमित कर दी गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रात 9 बजे कार्यक्रम शुरू होने से पहले वीआईपी और वीवीआईपी गेट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वैध वीआईपी पास धारकों को भी प्रवेश नहीं दिया गया। सुरक्षाकर्मी और प्रशासनिक कर्मचारी केवल उन्हीं लोगों को अंदर जाने दे रहे थे, जिनकी सिफारिश उच्च स्तर से की गई थी। आरोप है कि दिनभर प्रशासनिक अधिकारियों और नेताओं के फोन गेट पर आते रहे, और उन्हीं के निर्देशों पर प्रवेश तय किया गया। अंदर मौजूद नेताओं के करीबी लोग बाहर आकर अपने परिचितों को भीतर ले जाते देखे गए। कई मौकों पर प्रशासनिक कर्मियों ने पहचान के आधार पर लोगों को अंदर जाने दिया, जबकि वैध पास धारक बाहर इंतजार करते रहे। कार्यक्रम देखने आईं महिलाएं और युवतियां सबसे अधिक परेशान रहीं। वीआईपी पास होने के बावजूद उन्हें घंटों गेट पर रोका गया। कई महिलाएं निराश दिखीं। दर्शकों ने कहा कि महोत्सव जनता के लिए होता है, लेकिन यहां आम लोग खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे थे। कपिलवस्तु महोत्सव जैसे बड़े आयोजन में सामने आई इन अव्यवस्थाओं ने प्रशासनिक तैयारियों और निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Advertisement