जोगिया में एसआईआर कार्य प्रभावित:उपमुख्यमंत्री के दौरे से कर्मचारी व्यस्त रहे, बीडीओ ने दिया आश्वासन

5
Advertisement

सिद्धार्थनगर के जोगिया क्षेत्र में एसआईआर (स्पेशल समरी रिवीजन) का कार्य मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के जिले में लगातार आगमन के कारण धीमा पड़ गया है। जिले में लगातार इन उच्चाधिकारियों के दौरे से कर्मचारी और अधिकारी व्यस्त रहे, जिससे सामान्य कामकाज प्रभावित हुआ। जिन मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से छूट गए थे, उन्हें आयोग द्वारा नोटिस भेजे गए थे। इन मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेजों के साथ खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) के समक्ष उपस्थित होना था ताकि उनका नाम सूची में जोड़ा जा सके। आज खंड विकास अधिकारी रामानंद वर्मा की ड्यूटी उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा धंसा नानकर में आयोजित ग्राम चौपाल में लगी थी। इस कारण वे अपने कार्यालय में उपस्थित नहीं थे, जिससे एसआईआर का कार्य रुक गया। मतदाता सुबह से ही अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ ब्लॉक परिसर में घूमते दिखाई दिए। बातचीत में उन्होंने बताया कि उन्हें आज बुलाया गया था, लेकिन खंड विकास अधिकारी की अनुपस्थिति के कारण उनका कार्य संपन्न नहीं हो पा रहा है। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी रामानंद वर्मा से बात की गई। उन्होंने बताया कि वे मंत्री जी के कार्यक्रम में व्यस्त हैं और कार्यालय पहुंचकर एसआईआर का कार्य तुरंत शुरू कर दिया जाएगा। इस दौरान अशोक, अखिलेश, नैनमती और सरोज सहित कई अन्य लोग भी मौजूद थे।
Advertisement