Advertisement
सिद्धार्थनगर जिले के कपिलवस्तु थाना क्षेत्र के पिपरहवा में शुक्रवार, 30 जनवरी 2026 को एक सड़क दुर्घटना हुई। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा काफिले के एक पुलिस वाहन ने बाइक सवार मां-बेटे को टक्कर मार दी, जिससे वे घायल हो गए। आरोप है कि उन्हें मौके पर प्राथमिक उपचार भी नहीं मिला। यह घटना तब हुई जब उपमुख्यमंत्री कपिलवस्तु स्थित ऐतिहासिक बुद्ध स्तूप पर पूजन-अर्चना के बाद भंतेगण से संवाद करने वाले थे। कार्यक्रम के कारण पूरे क्षेत्र में कड़े सुरक्षा इंतज़ाम किए गए थे और यातायात व्यवस्था में भी व्यापक बदलाव किया गया था। घायल युवक श्यामू (नेपाल) ने बताया कि वह अपनी माता के साथ सिद्धार्थ विश्वविद्यालय की ओर से अलीगढ़वा मार्ग की तरफ जा रहे थे। कपिलवस्तु स्तूप के पास पहुँचते ही उपमुख्यमंत्री की सुरक्षा में लगे एक पुलिस वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से माँ-बेटे बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। हादसे में बाइक का अगला मडगार्ड क्षतिग्रस्त हो गया। श्यामू और उनकी माता को हाथ-पैर में खरोंचें और हल्की चोटें आईं। श्यामू के अनुसार, उनकी माता के पैर में चोट लगने के कारण वह काफी देर तक सड़क किनारे दर्द से बैठी रहीं। श्यामू ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें सड़क किनारे बैठा तो दिया, लेकिन न तो प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की गई और न ही एंबुलेंस जैसी त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई। बाद में स्थानीय लोगों ने मानवीय पहल दिखाते हुए दोनों की मदद की और उन्हें अलीगढ़वा स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भेजा। कुछ देर बाद संबंधित पुलिस वाहन भी मौके से चला गया। इस संबंध में कोतवाली कपिलवस्तु के संबंधित अधिकारी से कई बार फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। यह घटना सुबह 11:05 बजे की बताई जा रही है। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में नाराज़गी है। लोगों का कहना है कि वीआईपी सुरक्षा आवश्यक है, लेकिन इसके साथ-साथ आम नागरिकों की सुरक्षा, सुविधा और मानवीय व्यवहार को भी समान प्राथमिकता मिलनी चाहिए। इस संबंध में कोतवाली कपिलवस्तु प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया एक्सीडेंट के घटना की जानकारी नहीं है। पीड़ित व्यक्ति की शिकायत के बाद उसकी मदद की जाएगी।










































