नानपारा विधानसभा में मेगा कैंप आयोजित: एसडीएम ने किया बूथों का निरीक्षण, मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान जारी – Shivpur(Bahraich) News

0
5

बहराइच में विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान-2026 के तहत शनिवार को नानपारा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों पर मेगा कैंप आयोजित किए गए। इन कैंपों में बीएलओ द्वारा मतदाता सूची और एएसडी (अनुपस्थित, स्थानांतरित या मृत) सूची को सार्वजनिक रूप से पढ़ा गया। साथ ही, नाम जोड़ने, संशोधन करने और आपत्तियां दर्ज कराने के लिए फॉर्म भी जमा कराए गए। उपजिलाधिकारी नानपारा मोनालिसा जौहरी ने प्राथमिक विद्यालय बरदहा बाजार के बूथ संख्या 245 से 247 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बीएलओ, सुपरवाइजर और अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में मतदाता सूची व एएसडी सूची का वाचन किया गया और मतदाताओं की समस्याओं को सुना गया। एसडीएम मोनालिसा जौहरी ने बीएलओ को निर्देश दिए कि वे शुद्ध, त्रुटिरहित और अद्यतन मतदाता सूची तैयार करना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में दावे और आपत्तियां 6 जनवरी 2026 से 6 फरवरी 2026 तक प्राप्त की जाएंगी। उन्होंने सभी सुपरवाइजरों को अपने-अपने क्षेत्रों का अधिक से अधिक भ्रमण कर अभियान को प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश भी दिए। इन खुली बैठकों में विभिन्न राजनीतिक दलों के बीएलए, सुपरवाइजर, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, क्षेत्रीय लेखपाल, टैक्स कलेक्टर, सेनेटरी इंस्पेक्टर, सफाई नायक व कर्मी, पार्षद उपस्थित रहे। ग्रामीण क्षेत्रों से पंचायत सदस्य, पंचायत सहायक, रोजगार सेवक, ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य, बीसी सखी, राशन डीलर, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि और कर्मचारी भी मौजूद थे।
विज्ञापन 2