बस्ती में दुष्कर्म आरोपी को पकड़ने गई पुलिस से नोकझोंक:ग्रामीणों ने किया हंगामा, आरोपी फरार; कई थानों की फोर्स बुलाई

1
Advertisement

बस्ती के डेंगरहा गांव में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के एक वारंटी आरोपी को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम को ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। शनिवार रात हुई इस घटना के बाद हालात बिगड़ते देख कई थानों की पुलिस फोर्स बुलानी पड़ी और देर रात तक गांव में घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। जानकारी के अनुसार, गौर थाना पुलिस को शनिवार रात करीब 10:30 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट का वांछित आरोपी अपने घर पर मौजूद है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी नवीन हरिराय अपनी टीम के साथ आरोपी को गिरफ्तार करने डेंगरहा गांव पहुंचे। बताया जा रहा है कि जैसे ही पुलिस टीम आरोपी के घर के पास पहुंची, उसके रिश्तेदारों और कुछ ग्रामीणों ने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। आरोप है कि कुछ लोगों ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए आरोपी को बचाने का प्रयास किया, जिसका फायदा उठाकर आरोपी अंधेरे में फरार हो गया। मौके पर तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने तुरंत गौर थाने को सूचना दी। इसके बाद, सीओ हरैया स्वर्णिम सिंह के नेतृत्व में पैकोलिया और छावनी सहित कई थानों की पुलिस फोर्स गांव पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। सीओ हरैया स्वर्णिम सिंह ने बताया कि दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गांव गई थी, जहां कुछ लोगों ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए हंगामा किया। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Advertisement