बस्ती में सेना के जवान के बंद घर में चोरी:होली पर घर लौटने पर ताला टूटा मिला, कीमती जेवरात गायब; केस दर्ज

0
2

नगर बाजार थाना क्षेत्र के प्रसादपुर गांव में सेना के जवान के बंद पड़े घर का ताला तोड़कर चोर कीमती जेवरात उठा ले गए। घटना की जानकारी तब हुई जब सेना में तैनात धर्मेंद्र यादव होली की छुट्टी पर अपने घर पहुंचे। धर्मेंद्र यादव अक्टूबर 2025 में अपनी पत्नी और बच्चे के साथ घर में ताला लगाकर पंजाब के अमृतसर में ड्यूटी पर चले गए थे। इस दौरान उनके परिवार के अन्य सदस्य समय-समय पर घर की देखभाल के लिए आते रहते थे। 18 फरवरी को उनकी भाभी और भतीजा घर आए थे, तब तक सब कुछ सुरक्षित था। चार मार्च को जब धर्मेंद्र यादव होली की छुट्टी पर घर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। घर के अंदर जाने पर पता चला कि आलमारी का ताला भी तोड़ दिया गया है और उसमें रखे कीमती जेवरात गायब हैं। घर का हाल देखकर वह हैरान रह गए। इसके बाद उन्होंने तुरंत नगर बाजार पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। पीड़ित धर्मेंद्र यादव के अनुसार चोरी हुए सामान में एक हार का पूरा सेट, झाला, मांगवेदी, नथुनी, मंगलसूत्र, सोने की चेन, तीन सोने की अंगूठियां, दो सोने की नथुनी, दो सोने की कील, एक जोड़ी सोने की बाली, एक सोने का ओम, एक सोने की तीली और एक मड़वाली नथिया शामिल हैं। इसके अलावा चांदी के आभूषणों में एक जोड़ी जोधा बिछिया, चार जोड़ी पावजेय, एक सेट चांदी का गुजहरा, एक सेट पायल, दो सेट बिछिया, एक पत्ताला पायल और दो चांदी की गुल्ली भी चोरी हो गई हैं। वहीं, थाना प्रभारी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में शनिवार को मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस जांच में जुटी हुई है। क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
Advertisement