Advertisement

हिन्दू युवा वाहिनी की बस्ती इकाई ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी का कड़ा विरोध किया है। संगठन के जिला संयोजक गोविंद प्रसाद (बबलू निषाद) ने बस्ती के अपर पुलिस अधीक्षक को पत्र सौंपकर आरोपी के खिलाफ तत्काल कठोर कार्रवाई और प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज करने की मांग की है। पुलिस को सौंपे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि बिहार का रहने वाला एक व्यक्ति, जिसकी पहचान मौलाना अब्दुल्ला सलीम के रूप में बताई गई है, कथित तौर पर सांप्रदायिक विचारधारा से ग्रसित है। आरोप है कि उसने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता के खिलाफ अत्यंत अमर्यादित और अभद्र टिप्पणी की है। संगठन का कहना है कि इस प्रकार की टिप्पणियां न केवल मुख्यमंत्री की गरिमा को ठेस पहुंचाती हैं, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों के बीच विद्वेष फैलाने का भी कार्य करती हैं। इस घटना से पूरे देश के जनमानस में गहरा आक्रोश है। हिन्दू युवा वाहिनी के जिला संयोजक बबलू निषाद ने चेतावनी दी कि ऐसी बयानबाजी से प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश का सामाजिक सौहार्द बिगड़ सकता है। उन्होंने पत्र में कहा, “ऐसे समाज-विरोधी तत्वों के विरुद्ध कठोर एवं विधिसम्मत कार्रवाई किया जाना नितांत आवश्यक है, ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह का दुस्साहस न कर सके।” संगठन ने पुलिस प्रशासन से सामाजिक समरसता को खतरे में डालने वाले मौलाना अब्दुल्ला सलीम के विरुद्ध तत्काल मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार करने का आग्रह किया है। इस अवसर पर संगठन के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। फिलहाल, पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है। इस दौरान जिला प्रभारी विनय सिंह, धर्मेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे






























