Advertisement

बस्ती जिले के लालगंज थाना क्षेत्र में पुलिस अभिरक्षा के दौरान एक आरोपी ने आत्महत्या का प्रयास किया। रविवार दोपहर आरोपी ने शौचालय की खिड़की का शीशा तोड़कर उसके टुकड़े से अपने गले पर वार कर लिया। घटना के बाद थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने घायल युवक को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी पहुंचाया, जहां उपचार के बाद उसे वापस थाने लाया गया और कानूनी कार्रवाई पूरी कर न्यायालय भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार, भरवलिया गांव निवासी 26 वर्षीय आशिक अली पुत्र असलम के खिलाफ जनवरी 2025 में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में लालगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा था, जहां से करीब चार-पांच माह बाद उसे जमानत मिल गई थी। बताया जाता है कि शनिवार को आशिक अली बानपुर गांव में उसी बालिका के घर पहुंच गया, जिसके संबंध में उस पर मुकदमा दर्ज था। इसकी जानकारी होने पर बालिका के परिजनों ने उसे कमरे में बंद कर 112 पीआरवी को सूचना दी। मौके पर पहुंची पीआरवी पुलिस आशिक अली को हिरासत में लेकर लालगंज थाने ले आई। थाना प्रभारी विनय कुमार पाठक ने बताया कि रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे आरोपी आशिक अली ने शौच जाने की बात कही। पुलिसकर्मियों द्वारा उसे शौचालय ले जाया गया, जहां उसने खिड़की का शीशा तोड़कर उसके टुकड़े से अपने गले पर वार कर लिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिसकर्मियों ने उसे तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी पहुंचाया। पीएचसी बनकटी के चिकित्सक डॉ. अभिषेक यादव ने बताया कि युवक ने गले पर वार किया था और हाथ की नस काटने का भी प्रयास किया था। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है।






























