Advertisement

सदर ब्लॉक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र वाल्टरगंज में रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। इस मेले में स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए सुबह से ही ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी थी। कुल 26 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें अस्पताल की ओर से नि:शुल्क दवाइयां वितरित की गईं। मेले में आए मरीजों की जांच प्रभारी चिकित्सक डॉ. रवि प्रकाश वर्मा ने की। उन्होंने प्रत्येक मरीज का गहनता से परीक्षण किया और उचित स्वास्थ्य परामर्श दिया। डॉ. वर्मा ने बताया कि वर्तमान में मौसम तेजी से बदल रहा है, जिसके कारण अस्पताल में सबसे अधिक जुकाम और बुखार के मरीज पहुँच रहे हैं। डॉ. वर्मा ने लोगों को सलाह दी कि बदलते मौसम में खान-पान और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने ठंडी चीजों के सेवन से बचने और बुखार महसूस होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की बात कही। इस आरोग्य मेले में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों के साथ साझा की। इस अवसर पर फार्मासिस्ट उमेश चंद्र सिंह, स्टाफ नर्स माधुरी चौधरी, राजेंद्र प्रसाद, लैब टेक्नीशियन कनिष्को चित्रगुप्त और शहजाद परवेज सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।






























