Advertisement

बस्ती। विकास खंड गौर के अंतर्गत बभनान स्थित ब्लॉक संसाधन केंद्र में रविवार को एक उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में क्षेत्र के ग्राम प्रधानों और स्थानीय निकाय प्रतिनिधियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख जटाशंकर शुक्ला थे। विशिष्ट अतिथियों में खंड विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह और खंड शिक्षा अधिकारी गौर बड़काऊ वर्मा शामिल रहे। कार्यशाला के दौरान अधिकारियों ने ग्राम प्रधानों को पंचायत स्तर पर संचालित होने वाली योजनाओं, शिक्षा से जुड़े कार्यक्रमों और विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन के बारे में विस्तार से बताया। इस दौरान ग्राम पंचायतों में पारदर्शिता और जनभागीदारी के साथ कार्य करने पर विशेष जोर दिया गया। मुख्य अतिथि जटाशंकर शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि ग्राम प्रधान गांव के विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने जोर दिया कि योजनाओं को सही तरीके से लागू कर ग्रामीणों को उनका लाभ दिलाना उनकी अहम जिम्मेदारी है। इस अवसर पर प्रधान संघ अध्यक्ष राजेश मिश्रा बब्बू, केडी यादव, बिष्णु और अजय सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।


































