बस्ती के युवक की मौत:एम्बुलेंस सड़क किनारे खड़े डंपर से टकराई, वाराणसी से लौटते समय हादसा

10
Advertisement

बीएचयू से दुबहड़ लौटते समय रविवार सुबह एक 108 एम्बुलेंस सड़क किनारे खड़े डंपर से टकरा गई। इस हादसे में एम्बुलेंस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन (ईएमटी) गंभीर रूप से घायल हो गया। एम्बुलेंस मरीज को वाराणसी के बीएचयू में भर्ती कराकर लौट रही थी। मृतक चालक की पहचान बस्ती जिले के लालगंज थाना अंतर्गत कौलपुरा गांव निवासी सुनील यादव (35) पुत्र बच्चूलाल के रूप में हुई है। वह बलिया जिले के दुबहड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में 108 एम्बुलेंस सेवा में चालक के पद पर कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार, सुनील यादव मरीज को वाराणसी के बीएचयू में भर्ती कराने गए थे। मरीज को भर्ती कराने के बाद रविवार तड़के करीब 4:20 बजे वे एम्बुलेंस से सीएचसी दुबहड़ के लिए वापस रवाना हुए। बताया गया है कि रास्ते में दोनों कर्मियों ने लगभग एक घंटे का विश्राम भी किया था। इसके बाद यात्रा दोबारा शुरू की गई। सुबह लगभग 6:15 बजे कैथी टोल प्लाजा से करीब 500 मीटर पहले एम्बुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े डंपर में पीछे से जा घुसी। प्रारंभिक आशंका है कि चालक को झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक सुनील यादव की मौके पर ही मृत्यु हो गई। एम्बुलेंस में तैनात ईएमटी अश्वनी उस समय पिछली सीट पर आराम कर रहे थे और टक्कर में गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए वाराणसी भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद रविवार देर शाम सुनील यादव का शव उनके पैतृक गांव कौलपुरा लाया गया। सुनील यादव अपने तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा आठ वर्षीय दिव्यांश और छह वर्षीय दिव्यांशु नामक दो छोटे बच्चे हैं। इस दुखद घटना से पूरे गांव में मातम छा गया है।
Advertisement