Advertisement

गौर थाना क्षेत्र के डंगरह गांव में पोक्सो एक्ट के वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर उसके परिजनों ने हमला कर दिया। इस हमले में कुछ पुलिसकर्मी घायल हुए, जिसके बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पोक्सो एक्ट के मामले में वांछित आरोपी विपिन कुमार अपने मामा के घर आया हुआ है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम राम किशुन नामक व्यक्ति के घर दबिश देने पहुंची। पुलिस के मुताबिक, आरोपी काफी समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे और उसके खिलाफ धारा 84 के तहत भी कार्रवाई की गई थी। करीब एक सप्ताह पहले भी पुलिस उसकी तलाश में उसी घर पर पहुंची थी, लेकिन वह हाथ नहीं लग सका था। दोबारा सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने गांव पहुंचकर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपी के परिजनों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करना शुरू कर दिया। आरोप है कि उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज की और लाठी-डंडों, कुल्हाड़ी तथा फरसे से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थिति बिगड़ती देख आसपास के चार थानों की पुलिस फोर्स को मौके पर बुलाया गया। भारी पुलिस बल पहुंचने के बाद इलाके को छावनी में तब्दील कर हालात को नियंत्रित किया गया। इस मामले में उपनिरीक्षक हरि राय की तहरीर पर सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। क्षेत्राधिकारी हरैया स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि 16 जनवरी 2026 को एक नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म के आरोप में मामला दर्ज किया गया था। इसी मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही थी। स्वर्णिमा सिंह ने आगे बताया कि आरोपी के परिजनों ने पुलिस कार्रवाई में बाधा डालते हुए उसे फरार होने में मदद की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।





























