नरखोरिया का सरकारी हैंडपंप एक साल से बंद:ग्रामीण स्वच्छ पानी को तरस रहे, शिकायत के बावजूद मरम्मत नहीं

3
Advertisement

बस्ती जिले के रामनगर विकासखंड की नरखोरिया ग्राम पंचायत में एक सरकारी हैंडपंप पिछले एक साल से खराब पड़ा है। इससे ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी का मौसम शुरू होने के साथ ही पानी की समस्या और गंभीर हो गई है। यह हैंडपंप नरखोरिया में रामायण पुत्र सुदामा और बेचई पुत्र अवधू के घरों के बीच लगा हुआ है। एक साल से पानी न देने के कारण यह अनुपयोगी हो गया है। स्थानीय निवासियों ने इसकी शिकायत कई बार की है, लेकिन हैंडपंप को ठीक कराने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का आरोप है कि जहां सरकार स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए हैंडपंप लगवाती है, वहीं ब्लॉक के अधिकारी नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। उपेक्षा के कारण आसपास के लोगों ने इस हैंडपंप को कूड़े से आधा ढक दिया है। स्वच्छ पानी के अभाव में ग्रामीणों को अब आरओ का पानी खरीदना पड़ रहा है। इस संबंध में रामनगर के खंड विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें इसकी जानकारी मिल गई है और जल्द ही हैंडपंप को ठीक करा दिया जाएगा।
Advertisement