बस्ती में महिला जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित:राज्य महिला आयोग की सदस्य ने सुनीं शिकायतें

3
Advertisement

बस्ती में सोमवार को सर्किट हाउस सभागार में राज्य महिला आयोग की सदस्य एकता सिंह की अध्यक्षता में महिला जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आईं महिलाओं ने अपनी समस्याएं और शिकायतें प्रस्तुत कीं। सदस्य एकता सिंह ने गंभीरता से शिकायतों को सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जनसुनवाई में घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, पारिवारिक विवाद, संपत्ति विवाद और अन्य सामाजिक समस्याओं से जुड़े कुल 08 मामले सामने आए। महिलाओं ने अपनी आपबीती सुनाते हुए न्याय की गुहार लगाई। सदस्य एकता सिंह ने कहा कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और न्याय के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ित महिलाओं को समय पर न्याय मिल सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि महिलाओं को न्याय दिलाना और उनकी समस्याओं का समाधान करना आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिकायतों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों से सभी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने और पीड़ित महिलाओं को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी हर्रैया स्वर्णिमा सिंह, एसएचओ महिला थानाध्यक्ष शालिनी सिंह, बाल संरक्षण अधिकारी बीना सिंह, जिला समन्वयक सचिन कसौधन, एडीओ समाज कल्याण एसएन चौधरी, सीडीपीओ बलराम सिंह, वरिष्ठ सहायक अशोक सिंह, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की शान्ति देवी, किरन, रमा यादव और साधना अग्रहरि सहित संबंधित विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
Advertisement