Advertisement

रुधौली थाना क्षेत्र में होली के दिन डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद में मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि दबंगों ने घर में घुसकर महिलाओं सहित कई लोगों को बेरहमी से पीटा। स्थानीय पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने से नाराज पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। मुनियाव निवासी विनय कुमार पुत्र स्व. भगवानदीन ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 4 मार्च को उनके घर के पास डीजे बज रहा था। इसी दौरान इंद्रजीत और अजीत पुत्रगण रामसुरेश नशे की हालत में नाचते हुए गाली-गलौज कर रहे थे और धूल-मिट्टी उछाल रहे थे। जब विनय कुमार के भाई अंगद ने इसका विरोध किया, तो दोनों ने उसे पकड़ लिया, उसकी कमीज फाड़ दी और मारपीट करने लगे। बीच-बचाव के लिए विनय कुमार की पुत्री अंशिका और भाई दीपक की पुत्री सुमन मौके पर पहुंचीं। आरोप है कि तभी अजीत, इंद्रजीत, अजीत की पत्नी लीला देवी और पुत्र अमित बैट व डंडा लेकर आ गए। उन्होंने अंगद, सुमन और अंशिका पर हमला कर दिया, जिससे सुमन और अंशिका के सिर फट गए और वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। शोर सुनकर जब गांव के अन्य लोग बीच-बचाव के लिए पहुंचे, तो आरोपियों ने जान से मारने और फर्जी एससी-एसटी मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी। इसके बाद वे मौके से फरार हो गए। पीड़ित परिवार के अनुसार, घटना की सूचना डायल 112 को दी गई थी। हालांकि, रुधौली थाना पुलिस ने न तो घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया और न ही आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। इस कारण पूरा परिवार भयभीत है। विनय कुमार ने पुलिस अधीक्षक से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने मामले की जांच कराकर आवश्यक विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।



































