Advertisement

बस्ती। नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अंकुर वर्मा ने नगर पालिका क्षेत्र के मोहल्ला गड़गोड़िया में चल रहे सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ स्थानीय सभासद पंकज चौधरी, सभासद राजन ठाकुर, जे.ई. (सिविल) अर्पित निगम और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान अंकुर वर्मा ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य मानक के अनुरूप और निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता में कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अंकुर वर्मा ने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र में सड़क और नाली जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि नागरिकों को आवागमन और जल निकासी की समस्याओं से राहत मिल सके। उन्होंने इस अवसर पर स्थानीय लोगों से भी बातचीत की, उनकी समस्याएं सुनीं और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। इस अवसर पर मौजूद नागरिकों ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों के लिए नगर पालिका प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि कार्य शीघ्र पूर्ण होने से क्षेत्रवासियों को काफी सुविधा मिलेगी।

































