बस्ती में परिवार पर हमला, पांच घायल:पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज किया

1
Advertisement

बस्ती जिले के छावनी थाना क्षेत्र में एक परिवार पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला किया गया, जिसमें पांच लोग घायल हो गए। घायलों में एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। यह घटना 8 मार्च 2026 को ग्राम खानकला (छावनी बाजार) में रणजीत गुप्ता के घर पर हुई। रणजीत गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पत्नी मंजू गुप्ता, बहन सुखनंदी देवी, बेटी संध्या और बेटा मुकेश घर पर मौजूद थे। तभी सुमित्रा, शिवम, खुशबू और रोशनी नामक चार लोग गाली-गलौज करने लगे। जब उन्हें रोका गया, तो सभी ने लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में रणजीत गुप्ता, उनकी पत्नी मंजू गुप्ता, बेटी संध्या, बहन सुखनंदी देवी और बेटे मुकेश को गंभीर चोटें आईं। हमलावरों ने उनका मोबाइल भी तोड़ दिया और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। मुकेश ने 108 नंबर पर कॉल कर एम्बुलेंस बुलाई, जिसके बाद सभी घायलों को सीएचसी विक्रमजोत ले जाया गया। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद मंजू गुप्ता की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज दर्शनगर रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। रणजीत गुप्ता ने यह भी आरोप लगाया कि उनके अस्पताल जाने के बाद आरोपियों ने उनके मकान का ताला तोड़कर सारा सामान बाहर फेंक दिया और अपना ताला लगा लिया, जिससे उन्हें काफी नुकसान हुआ है। छावनी थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि रणजीत गुप्ता की तहरीर के आधार पर सुमित्रा, शिवम, खुशबू और रोशनी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 173 बी एन एस एस की धारा 115(3), 352, 351(3), 324 (4) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
Advertisement