
अहरा के सिविलियन उच्च प्राथमिक विद्यालय में बुधवार को वार्षिक उत्सव और पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन खंड शिक्षा अधिकारी अरुण कुमार यादव और विशिष्ट अतिथि लाल धीरू पाल अहरा ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। इस दौरान विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। वार्षिक उत्सव में कक्षा सात और आठ की छात्राओं, जिनमें आंचल, शिवांगी, प्राची, परी, रिमझिम, रागिनी और माही शामिल थीं, ने महंगाई और दहेज प्रथा पर आधारित लोकगीत प्रस्तुत किए। इन प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों के प्रदर्शन से प्रभावित होकर खंड शिक्षा अधिकारी अरुण कुमार यादव ने उन्हें पुरस्कृत किया। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने अहरा सिविलियन विद्यालय का नाम सुना था, लेकिन आज इसे देखकर वे प्रभावित हुए हैं। उन्होंने शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि वे बच्चों को बेहतर शिक्षा के साथ-साथ खेल, गायन और बौद्धिक ज्ञान जैसे हर क्षेत्र में विकसित कर रहे हैं। विशिष्ट अतिथि शशांक पाल उर्फ धीरू पाल ने बताया कि उन्होंने भी इसी विद्यालय से शिक्षा प्राप्त की है। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में हर संभव मदद के लिए अपने और अपने परिवार की तत्परता दोहराई। कार्यक्रम को सुरेश गौड़ और प्राथमिक शिक्षक संघ के अभय सिंह यादव ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर राजपाल पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक मोहम्मद इकबाल, प्राथमिक अहरा की प्रधानाध्यापिका आशा त्रिपाठी, बोदवल बाजार के कार्यवाहक प्रधानाध्यापक ओमप्रकाश विश्वकर्मा, अनूप पांडेय, व्यायाम शिक्षक अक्षयबर चौधरी, सेवानिवृत्त शिक्षक शिवप्रसाद, विजयलक्ष्मी श्रीवास्तव, शकुंतला सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं और बच्चों के अभिभावक उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन सिविलियन उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधान प्रबंधक अशोक मौर्य ने किया।


































