Advertisement

श्री राम सहाय सिंह कन्या महाविद्यालय महरीपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के विशेष शिविर का छठा दिन कई गतिविधियों से भरा रहा। इस दौरान सुबह ग्राम कुसमौर में साफ-सफाई अभियान चलाया गया। शिविर में स्वामी विवेकानंद इकाई और रानी लक्ष्मीबाई इकाई की स्वयंसेविकाओं के लिए मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें स्वामी विवेकानंद इकाई की श्वेता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि रानी लक्ष्मीबाई इकाई की गायत्री द्वितीय और स्वामी विवेकानंद इकाई की अंशिका चौधरी तृतीय स्थान पर रहीं। इसी क्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा स्वयंसेविकाओं का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। छठे दिन के बौद्धिक सत्र में श्रीराम सहाय सिंह कन्या महाविद्यालय महरीपुर के समाजशास्त्र के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. कृष्ण कुमार प्रजापति मुख्य वक्ता रहे। उन्होंने अपने अध्यक्षीय भाषण में सामुदायिक सेवा भाव, आपसी समरसता और सहभागिता पर जोर दिया। डॉ. प्रजापति ने कहा कि दुर्घटना के समय घायलों का वीडियो बनाने के बजाय उन्हें तत्काल स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध करानी चाहिए और जरूरत पड़ने पर अस्पताल ले जाना चाहिए, ताकि किसी की जान बचाई जा सके। बौद्धिक सत्र के बाद नशा उन्मूलन से संबंधित एक लघु नाटिका प्रस्तुत की गई, जिसने समाज को प्रेरणा दी। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी सत्य प्रकाश सोनकर, डॉ. रुखसार फातिमा, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार चतुर्वेदी, दुर्गेश शुक्ला, श्रीमती मंजरी सिंह, डॉ. कृष्ण कुमार प्रजापति, राजेश प्रसाद द्विवेदी और आशुतोष त्रिपाठी सहित कई लोग उपस्थित रहे।

































