Advertisement

बस्ती में महिला पीजी कॉलेज में प्राचार्या प्रो. सुनीता तिवारी के मार्गदर्शन में चल रहे सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के विशेष शिविर के पांचवें दिन नशा उन्मूलन पर जन जागरूकता रैली निकाली गई। इसके बाद स्वास्थ्य जागरूकता पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें डॉ. पंकज सिंह मुख्य अतिथि रहे। प्रथम सत्र में आयोजित इस रैली को नगर पालिका परिषद बस्ती के वार्ड तुर्कहिया के सभासद मोहम्मद इदरीस ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर कंपोजिट विद्यालय तुर्कहिया की प्रधानाचार्य और शिक्षक भी उपस्थित थे। स्वयंसेविकाओं ने तुर्कहिया मोहल्ले में सघन अभियान चलाया, जिसके बाद रैली गांधी नगर, टाउन क्लब, रामेश्वर पुरी और कंपनी बाग तक निकली। द्वितीय सत्र में बौद्धिक सत्र के अंतर्गत स्वास्थ्य जागरूकता पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। बस्ती जनपद के सुप्रसिद्ध चिकित्सक और गुरु वशिष्ठ स्वायत्तशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज बस्ती के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. पंकज सिंह मुख्य अतिथि थे। उन्होंने माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। डॉ. रघुवर पाण्डेय ने मुख्य अतिथि का माल्यार्पण कर स्वागत किया। डॉ. पंकज सिंह ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि दैनिक जीवन और परीक्षा के तनाव को सकारात्मक तथा सृजनात्मक सोच अपनाकर दूर किया जा सकता है। उन्होंने ‘स्वस्थ शरीर को जीवन की अमूल्य निधि’ बताया और कहा कि मानव स्वास्थ्य से ही देश और समाज की प्रगति को गति मिलती है। इस दौरान छात्राओं ने अपनी समस्याएं बताईं, जिनका डॉ. पंकज सिंह ने प्रभावी समाधान और काउंसलिंग प्रदान की। उन्होंने स्वस्थ रहने के तरीकों पर भी विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन डॉ. कमलेश कुमारी पाण्डेय ने किया, जबकि डॉ. रघुवर पाण्डेय ने आभार व्यक्त किया।































