Advertisement

बस्ती जिले की कप्तानगंज नगर पंचायत में होम टैक्स बढ़ाने के प्रस्ताव पर सभासदों ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने इस संबंध में अधिशासी अधिकारी (ईओ) को एक लिखित पत्र सौंपकर अपनी नाराजगी दर्ज कराई है। सभासदों का कहना है कि नगर पंचायत क्षेत्र में अभी तक नाली, सड़क, पानी और सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं पूरी तरह से उपलब्ध नहीं हो पाई हैं। ऐसे में होम टैक्स बढ़ाने की चर्चा से स्थानीय जनता में असंतोष और रोष का माहौल बन रहा है। सभासदों ने आरोप लगाया कि इस प्रस्ताव के संबंध में उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई थी। बिना पूरी जानकारी के ही बैठक में यह प्रस्ताव रख दिया गया। उनका मत है कि जब तक नगर पंचायत क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर तरीके से उपलब्ध नहीं कराया जाता, तब तक होम टैक्स बढ़ाने के प्रस्ताव पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए। इस दौरान आपत्ति दर्ज कराने वाले सभासदों में सूर्यमणि चौधरी, रामजीत चौधरी, लक्ष्मी त्रिपाठी, फूलकला, रत्नावली, आशा देवी और राजेश तिवारी सहित अन्य शामिल रहे। इस मामले पर जब अधिशासी अधिकारी शिव प्रताप सिंह से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि वर्तमान स्थिति के बारे में सभासदों को अवगत करा दिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि नोटिस में मांगी गई समयावधि के भीतर सभासदों की समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।






























