Advertisement

दुबौलिया ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत आराजी डूही धर्मपुर मुस्तहकम के प्रधान शोभाराम राजभर ने गुरुवार को ग्रामीणों के साथ हर्रैया के एसडीएम सत्येन्द्र सिंह को एक शिकायती पत्र सौंपा। इसमें दुबौलिया-कटरिया मार्ग पर हो रहे अवैध निर्माण को रुकवाने की मांग की गई है। शिकायती पत्र में बताया गया है कि दुबौलिया से कटरिया मार्ग पर राम विवाह मैदान के दक्षिण तरफ पीडब्ल्यूडी की सड़क है। यह सड़क प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से होते हुए कटरिया चांदपुर तटबंध तक जाती है और खजांची का पुरवा, खलवा जैसे कई गांवों को जोड़ती है। इसी मार्ग पर ग्राम धर्मपुर निवासी बाबूराम यादव पुत्र राम बरन द्वारा सड़क से सटकर पक्का निर्माण कार्य किया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस अवैध अतिक्रमण से सड़क संकरी हो रही है, जिससे वाहनों के आवागमन में बाधा उत्पन्न होगी। ग्रामीणों ने बताया कि इसी मार्ग पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दुबौलिया संचालित है, जहां एम्बुलेंस का लगातार आवागमन रहता है। इसके अलावा, बाढ़ के समय आपातकाल में कटान रोकने के लिए ट्रकों द्वारा बोल्डर भी इसी रास्ते से लाए जाते हैं। अवैध निर्माण से इन सभी कार्यों में गंभीर अवरोध पैदा होगा। इस संबंध में हर्रैया के एसडीएम सत्येन्द्र सिंह ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि मामले की लेखापाल से जांच कराई जाएगी और अवैध निर्माण कार्य को तत्काल रोकवा दिया जाएगा। इस दौरान अमर सिंह, गोविन्द सिंह, रामगरीब सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।




































