बस्ती में सार्वजनिक रास्ते पर फिर अतिक्रमण:जिलाधिकारी ने संज्ञान लेकर जांच के निर्देश दिए

3
Advertisement

बस्ती के पैकोलिया थाना क्षेत्र के ग्राम मुसहा बरहपेडा में एक सार्वजनिक रास्ते पर दोबारा अतिक्रमण का मामला सामने आया है। गांव की रीता पत्नी राम हरख ने जिलाधिकारी बस्ती को प्रार्थना पत्र देकर इस पर कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता रीता के अनुसार, गांव के कुछ लोगों ने रास्ते पर ईंट, मिट्टी और अन्य निर्माण सामग्री रखकर आवागमन बाधित कर दिया है। इससे ग्रामीणों को आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रीता ने बताया कि इस रास्ते से अतिक्रमण पूर्व में 6 मई 2025 को जिलाधिकारी बस्ती के निर्देश पर हटवाया गया था। इसके बावजूद, रास्ते को दोबारा अवरुद्ध कर दिया गया है। कई बार समझाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं होने पर उन्होंने प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है। मामले का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी बस्ती, कृतिका ज्योत्सना ने पैकोलिया थाना प्रभारी (SHO) को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। शिकायतकर्ता ने प्रशासन से सार्वजनिक रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कराकर आवागमन सुचारू कराने की मांग की है। उन्होंने यह भी चेतावनी दी है कि यदि उनकी सुनवाई नहीं हुई, तो वे जिलाधिकारी बस्ती के कार्यालय पर धरना देंगी।
Advertisement