बस्ती-अयोध्या लेन पर सांड़ से टकराई कार:छावनी थाना क्षेत्र में हादसा, कार के परखच्चे उड़े

3
Advertisement

बस्ती के छावनी थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर राष्ट्रीय राजमार्ग 27 पर एक तेज रफ्तार मारुति वैगनआर कार सांड़ से टकरा गई। इस भीषण टक्कर में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए। यह घटना दोपहर करीब एक बजे पटकापुर स्थित अरविंद पैलेस के पास हुई। जानकारी के अनुसार, मारुति वैगनआर (यूपी 42 बीके 2999) अयोध्या से बस्ती की ओर जा रही थी। उसी दौरान, दूसरी लेन पर सांड़ों के आपसी टकराव के कारण एक सांड़ डिवाइडर कूदकर अयोध्या-बस्ती लेन पर आ गया। अयोध्या की तरफ से आ रही कार सीधे उस सांड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तेज रफ्तार कार के परखच्चे उड़ गए। गनीमत रही कि कार सवारों को कोई गंभीर चोट नहीं आई। सांड़ भी टक्कर के बाद सड़क पर गिर गया, लेकिन कुछ देर बाद उठकर मौके से भाग निकला। स्थानीय लोगों ने तत्काल कार सवारों की मदद की और उन्हें वाहन से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया। खबर लिखे जाने तक इस मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई थी।
Advertisement