Advertisement

बस्ती। नगर क्षेत्र के बड़ेवन स्थित मुख्य मार्ग पर लंबे समय से चली आ रही जलजमाव की समस्या से अब लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। नगर पालिका प्रशासन ने सड़क पर जमा पानी निकालने और नालियों की सफाई का कार्य तेजी से शुरू कर दिया है। स्थानीय निवासियों का कहना था कि नालियों के जाम होने के कारण सड़क पर लगातार पानी जमा रहता था। इससे राहगीरों, दुकानदारों और आसपास रहने वाले लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को लेकर नगर पालिका से कई बार शिकायतें भी की गई थीं। समस्या के समाधान के लिए नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची। जेसीबी और सफाई कर्मचारियों की मदद से नालियों की गहन सफाई शुरू की गई है। जमा पानी को निकालने और जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने का काम किया जा रहा है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो। स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका द्वारा किए जा रहे इस कार्य की सराहना की है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि जल्द ही सड़क पूरी तरह जलजमाव से मुक्त हो जाएगी, जिससे उन्हें आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।


































