कप्तानगंज में सपा की मासिक बैठक:जनसमस्याओं पर चर्चा, कांशीराम जयंती की रूपरेखा तय

2
Advertisement

बस्ती जिले के कप्तानगंज में समाजवादी पार्टी की कप्तानगंज विधानसभा इकाई की मासिक बैठक कैंप कार्यालय पर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विधायक कविंद्र चौधरी ने की। इस दौरान क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई और उनके समाधान के लिए आवश्यक रणनीति तैयार की गई। बैठक में मौजूद पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में सड़क, बिजली, पानी, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। विधायक कविंद्र चौधरी ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान पार्टी की प्राथमिकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे क्षेत्र में सक्रिय रहकर लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और उन्हें संबंधित विभागों तक पहुंचाने का कार्य करें, ताकि उनका जल्द से जल्द निस्तारण हो सके। बैठक के दौरान आगामी 15 मार्च को बहुजन नायक मान्यवर कांशीराम साहब की जन्म जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम को लेकर भी चर्चा की गई। यह कार्यक्रम कप्तानगंज स्थित अपिर्सस क्लब में सुबह 10 बजे आयोजित किया जाएगा। बैठक में कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई और विभिन्न पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। पार्टी नेताओं ने कहा कि कांशीराम साहब ने सामाजिक न्याय और बहुजन समाज के उत्थान के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया। उनकी जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष चंद्र प्रकाश चौधरी सहित समाजवादी पार्टी के कई अन्य नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने संगठन को मजबूत बनाने और क्षेत्र की जनता की समस्याओं के समाधान के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
Advertisement