परखती खाट से बैसोरा तक पुलिया पर गड्ढ:अजगरा गांव के पास सड़क पर, कई बार धंस चुकी पुलिया

4

बस्ती जिले के कप्तानगंज ब्लॉक में परखती खाट से बैसोरा जाने वाली सड़क पर एक पुलिया पर बना बड़ा गड्ढा बड़े हादसे को न्योता दे रहा है। अजगरा गांव के पास बरम बाबा के स्थान से लगभग 100 मीटर आगे यह पुलिया कई बार धंस चुकी है, जिससे सड़क के बीचों-बीच गहरा गड्ढा बन गया है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, यह पुलिया कई बार क्षतिग्रस्त हो चुकी है। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने कई बार जिम्मेदार अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। फिलहाल, गांव के लोगों ने स्वयं मिट्टी डालकर गड्ढे को भरने का प्रयास किया है, पर बारिश या भारी वाहनों के गुजरने पर मिट्टी फिर से बैठ जाती है और गड्ढा दोबारा उभर आता है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान पर यह गड्ढा है, वहां रात के समय घना अंधेरा रहता है। ऐसे में वाहन चालकों के लिए गड्ढे का अनुमान लगाना मुश्किल हो जाता है। इससे कोई भी बाइक या चार पहिया वाहन अचानक गड्ढे में फंस सकता है, जिससे गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय निवासी राम तीरथ तिवारी और जय गोविंद ने बताया कि इस पुलिया की स्थिति लंबे समय से खराब है और कई बार लोग यहां दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बचे हैं। ग्राम प्रधान मनोज तिवारी ने जानकारी दी कि उन्होंने संबंधित विभाग को इस समस्या से अवगत करा दिया है। उन्होंने जल्द से जल्द पुलिया के निर्माण और सड़क की मरम्मत की मांग की है, ताकि ग्रामीणों को सुरक्षित आवागमन मिल सके और किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
Advertisement