
बस्ती जिले में शिवाघाट से सोनहा की ओर जा रहे एक बाइक सवार पिता-पुत्र सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पीछे से आ रही एक अज्ञात फॉर्च्यूनर गाड़ी ने टक्कर मार दी। घायल युवक जहीरुद्दीन और उनके बेटे फैजान, जो रामपुर निवासी हैं, ने बताया कि एक पुरानी फॉर्च्यूनर गाड़ी तेज रफ्तार से आ रही थी। गाड़ी अनियंत्रित होकर उनकी बाइक से टकरा गई। दुर्घटना में जहीरुद्दीन गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि उनके बेटे फैजान को भी काफी चोटें आई हैं। घटना के बाद जहीरुद्दीन कुछ देर सड़क पर अचेत अवस्था में पड़े रहे। उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त होकर दूर जा गिरी थी। पिता-पुत्र कुछ घरेलू सामान खरीदने के बाद घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। पीछे से आई चारपहिया वाहन की टक्कर से वे सड़क पर कुछ दूर जा गिरे, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल एंबुलेंस 108 को बुलाया। घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सल्टौआ गोपालपुर ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जहीरुद्दीन की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल बस्ती रेफर कर दिया। घायल युवक और उनके परिजनों ने न्याय की गुहार लगाई है। हालांकि, सोनहा थाना प्रभारी से मिली जानकारी के अनुसार, अभी तक थाने में इस संबंध में कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है।




































