
बस्ती सदर विकास खंड के कुसमौर गांव में श्री राम सहाय सिंह कन्या महाविद्यालय, महरीपुर (बस्ती) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन हो गया। शिविर के अंतिम दिन स्वयंसेविकाओं ने गांव और शिविर स्थल पर स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई का संदेश दिया। समापन सत्र में स्वयंसेविकाओं ने सात दिवसीय शिविर के दौरान प्राप्त अनुभवों को साझा किया। स्वामी विवेकानंद इकाई के कार्यक्रम अधिकारी सत्य प्रकाश सोनकर और रानी लक्ष्मी बाई इकाई की डॉ. रुखसार फातिमा के नेतृत्व में स्वयंसेविकाओं ने भविष्य में सामाजिक कार्यों, जनजागरूकता अभियानों और आपदा स्थितियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। मध्यकालीन इतिहास विभाग के सहायक आचार्य डॉ. बृजेश कुमार द्विवेदी ने शिविरार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज सेवा की भावना को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना की सार्थकता पर प्रकाश डालते हुए जरूरतमंदों की सहायता को इसका मूल उद्देश्य बताया। ग्राम प्रधान पवन कुमार यादव ने अपने संबोधन में कहा कि कुसमौर ग्राम पंचायत के लिए यह गर्व का विषय है कि स्वयंसेविकाओं ने सात दिनों तक सेवा भाव से विभिन्न सामाजिक गतिविधियां संचालित कीं। उन्होंने महाविद्यालय प्रशासन से भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन का अनुरोध किया, ताकि समाज में सकारात्मक सोच और जागरूकता का प्रसार हो सके। कार्यक्रम के अंत में दोनों कार्यक्रम अधिकारियों ने प्राचार्य की अनुमति से शिविर के समापन की घोषणा की। महाविद्यालय के संस्थापक सत्य प्रकाश सिंह ने सभी अतिथियों का धन्यवाद किया और शिविरार्थियों को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार चतुर्वेदी, दुर्गेश शुक्ला, राजेश प्रसाद, नीरज त्रिपाठी, अरुण कुमार, नागेंद्र मिश्रा, सूर्यपाल और आशुतोष त्रिपाठी सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे।




































