बस्ती डाक अधीक्षक ने की कर्मचारियों संग बैठक:व्यवसाय बढ़ाने के लिए दिए महत्वपूर्ण निर्देश

0
3

मुंडेरवा उप डाकघर में शनिवार को बस्ती मंडल के डाक अधीक्षक एम.एम. हुसैन और सहायक डाक अधीक्षक ए.के. सिंह ने 22 शाखा डाकघर कर्मचारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों के मासिक कार्यों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में डाक अधीक्षक ने सभी कर्मचारियों को डाकघर का व्यवसाय बढ़ाने के लिए लक्ष्य निर्धारित किए। प्रत्येक कर्मचारी को 50 बचत खाते खोलने और 50 हजार रुपये का पीएलआई (डाक जीवन बीमा) प्रीमियम जमा करवाने का निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त, प्रत्येक शाखा डाकघर से 10 स्पीड पोस्ट और एक-एक पार्सल बुक करने का लक्ष्य भी तय किया गया। अधीक्षक ने बताया कि सरकार की मंशा अधिक से अधिक लोगों को भारतीय पोस्ट ऑफिस से जोड़ना है। उन्होंने इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सभी कर्मचारियों से मिलकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी शाखा कर्मी को कोई समस्या आती है, तो वह उनसे संपर्क कर सहयोग ले सकता है। अधीक्षक ने जानकारी दी कि नए भवन में पोस्ट ऑफिस के स्थानांतरित होने के बाद से व्यवसाय में अच्छी वृद्धि दर्ज की गई है। इस बैठक में उप डाकपाल प्रदीप कुमार श्रीवास्तव, जितेंद्र चौधरी, विजय कुमार, अमित, अतुल सहित अन्य सभी कर्मचारी मौजूद रहे।
विज्ञापन 2