
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित उपनिरीक्षक परीक्षा की प्रथम पाली में 58 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। यह परीक्षा मुंडेरवा के गन्ना विकास इंटर कॉलेज में हुई, जहां 240 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से केवल 182 ही शामिल हुए। शनिवार को गन्ना विकास इंटरमीडिएट कॉलेज, मुंडेरवा में उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा के पहले दिन, प्रथम पाली में कुल 240 परीक्षार्थियों में से 182 ही उपस्थित हुए, जबकि शेष 58 परीक्षार्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचे। परीक्षा के दौरान आकस्मिक सेवाओं के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौजूद रही। इसमें डॉ. अभिषेक कुमार सिंह, डेंटिस्ट शमीम अख्तर और नेत्र परीक्षण अधिकारी कमल सिंह गौतम के साथ एम्बुलेंस टीम भी शामिल थी। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने अपनी टीम के साथ परीक्षा का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि यह परीक्षा दो दिनों तक दोनों पालियों में आयोजित की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल के साथ एलआईयू की उपनिरीक्षक अनीता चौधरी और उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार राय भी तैनात रहे।



































