कटहापुर में विवाद सुलझा, खड़ंजा निर्माण फिर शुरू:ग्रामीणों के विरोध के बाद जमीन पैमाइश कर कार्य जारी

3

सदर ब्लॉक की ग्राम पंचायत श्रीपालपुर के कटहापुर गांव में विकास कार्यों को लेकर चल रहा गतिरोध समाप्त हो गया है। ग्रामीणों के विरोध के बाद रोके गए खड़ंजा निर्माण का कार्य अब पुलिस और राजस्व टीम के हस्तक्षेप से पुनः शुरू कर दिया गया है। दरअसल, कटहापुर गांव में पंचायत द्वारा लगभग ढाई सौ मीटर खड़ंजा का निर्माण कराया जा रहा था। इसी दौरान कुछ स्थानीय ग्रामीणों ने जमीन संबंधी विवाद का हवाला देते हुए कार्य रुकवा दिया। ग्रामीणों का तर्क था कि जब तक जमीन की विधिवत पैमाइश नहीं हो जाती, तब तक निर्माण कार्य नहीं होने दिया जाएगा। मामला बढ़ने पर इसकी शिकायत स्थानीय पुलिस से की गई। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए पुलिस बल के साथ राजस्व विभाग से लेखपाल ललित कुमार यादव मौके पर पहुंचे। लेखपाल ललित कुमार यादव ने बताया कि पैमाइश के दौरान कुछ तकनीकी कमियां पाई गई थीं। इन्हें आपसी सहमति और समझौते के आधार पर दूर कर लिया गया है। वहीं, प्रधान प्रतिनिधि अमरनाथ चौधरी ने कहा कि ग्रामीणों की संतुष्टि और पारदर्शिता के लिए जमीन की पैमाइश कराई गई है। अब बिना किसी बाधा के खड़ंजा निर्माण कार्य सुचारू रूप से जारी है। कुल ढाई सौ मीटर खड़ंजा लगाया जाना है, जिसका कार्य प्रगति पर है।
Advertisement